सोमवार, जनवरी 17

 

बिरजू महाराज रगों में बहता था प्रयाग

डॉ. धनंजय चोपड़ा

यमुना तट पर स्थित सरस्वती घाट की वह अप्रतिम शाम। त्रिवेणी महोत्सव का भव्य आयोजन । बिरजू महाराज मंच पर आने वाले थे। लोगों में अद्भुत उत्साह था। कथक सम्राट की झलक पाने और उनके नृत्य के भावों से सराबोर हो जाने की आतुरता बढ़ती ही जा रही थी। और...अचानक लोगों के कान में आवाज गूंजी...आए रहे हैं भाई, थोड़ा सबर करो। यह तो अपने बिरजू महाराज की आवाज है, यह समझते लोगों को देर न लगी और फिर तालियों से पूरा वातावरण गूंज उठा। और फिर जब बिरजू महाराज मंच पर आए तो लोग अपलक लय, थाप और भंगिमाओं को अनूठे समन्वय को देखते ही रह गए। उस दिन उन्होंने तब की उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायकों के बीच हुई धक्का-मुक्की और एक-दूसरे पर माईक फेंकने की घटना को मंच पर नृत्य व संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करके सभी को आश्चर्य में डाल दिया।

बिरजू महाराज की प्रयोगधर्मिता ही उन्हें सबसे अलग करती थी। वे धड़ल्ले से कह देते- ‘अरे भाई प्रयाग की रवायतें मेरे खून में है। कुछ नया करने की धुन और लोगों को अपनी ओर खींच लेने की ताकत इसी धरती से मिलता है। देखो न, कुंभ में शामिल होने के लिए किस तरह करोड़ों लोग यहां विना किसी निमंत्रण के खिंचे चले आते हैं।‘  बिरजू महाराज ने कथक नृत्य को अपने समय से जोड़कर प्रस्तुत करके लगातार नए-नए प्रयोग करके एक नई परम्परा को जन्म दिया। वे बताया करते थे कि किस तरह उन्होंने एशियाड 1982 के दौरान कथक के माध्यम से कबड़्डी, रस्साकसी प्रस्तुत करके सभी को रोमांच से भर दिया था। प्रयागराज में तो उन्होंने संगम स्नान को कम्पोज  किया तो लोग अपलक देखते-सुनते ही रह गए।

बिरजू महाराज को हंडिया में स्थित अपने पूर्वजों की ड्योढ़ी बहुत प्रिय थी। वे वहां एक विशाल कथक चबूतरे की कल्पना किया करते थे। वे प्रायः बातचीत के दौरान प्रयागराज-वाराणसी के मध्य शेरशाह सूरी मार्ग पर स्थित हंडिया तहसील का किचकिला गांव की बात करते और अपने पूर्वजों के लखनऊ जाकर नवाबों को कथक सिखाने के बहान कथक परम्परा को आगे बढ़ाने के किस्से सुनाते। वे हसंते हुए कहते- ‘अरे भाई, तुम इस बात से खुश हो सकते हो कि हमारे लखनऊ घराने की विरासत प्रयाग की धरती से जुड़ी हुई है। फिर कहते, देखो कुछ लोग इस बात से चिढ़कर ता-ता, थैया-थैया न करने लगें।’

वे अपनी कविता सुनाते और कहते- ‘यह भाव मुझे इसी धरती से मिला लगता है। यह रचनाकारों की धरती रही है। यहां और बनारस आकर जो सुकून मिलता है, वह पूरी दुनिया में नहीं मिलता।’  वह यह कहने से नहीं चूकते कि उन्हें अपने पिता अच्छन महाराज से ते गति की चपलता मिली है तो अपने एक चाचा शम्भू महाराज से नृत्य करने का जोश और दूसरे चाचा लच्छू महाराज से भावों की कोमलता मिली है। प्रयाग की तरह ही मेरी भी बनावट में त्रिवेणी का ही योगदान है। यहां गंगा-यमुना-सरस्वती की त्रिवेणी है तो मेरे भीतर अपने पिता व चाचाओं से मिली चपलता, जोश और मनोभाव की त्रिवेणी बहा करती है। और फिर जोरदार ठहाका लगाते हुए कहते – ‘देख्यो, सिद्ध होय गवा न.... हम, तुमसे कहीं ज्यादा बढ़कर इस शहर के हैं। हमरी रगों में बहता है शहर। ’     

शनिवार, दिसंबर 23

तय करने होंगे खुशियों के अपने-अपने फ्रेम

कुछ वर्षों पहले की बात है। देश की सीमा पर शहीद हुए एक जांबाज सैनिक के परिवार से मुलाकात करने को मिला। बूढ़े मां-बाप, पत्नी और उसका बेटा। सभी के पास शहीद सैनिक पर गर्व करने की अपनी वजहें और अपने तर्क। बातचीत में घर का पुराना फोटो एलबम निकल आया। पेशे से कालेज टीचर रहीं बूढ़ी मां ने बड़े ही चाव से एक-एक फोटो दिखाना और उनसे जुड़े संदर्भों को समझाना शुरू कर दिया। कभी वे बतातीं कि किस तरह उनका बेटा फलां फोटो के फ्रेम से बाहर हो रहा था तो उसके मामा ने उसे फ्रेम के भीतर किया और कभी बेटे द्वारा खींची गई फोटोग्राफ्स के फ्रेम और कम्पोजीशन की तारीफ करने लगतीं। हर फोटोग्राफ के फ्रेम के भीतर सिमटी-सहेजी हुई उनकी खुशियां रह-रह कर बाहर आ जाती थीं और उनका चेहरा इन खुशियों को पाकर दमकने लगता था। मेरे साथ पूरा घर एलबम में इस तरह झांक रहा था मानो पहली बार देख रहा हो। मेरे मन में आयी इस बात को भांपते हुए बूढ़ी मां ने बड़ी ही आत्मीयता से एलबम का पेज पलटते हुए कहा-ये हमारी खुशियों के फ्रेम्स हैं, जिनमें हम अपने और अपनों को ढूंढ़ लेते हैं और खुश हो लेते हैं।
वास्तव में हम में से अधिकतर लोग अपने पास खुशियां न होने का रोना रोते मिल जाते हैं। हमारी खुशियों के अभाव का ठीकरा सीधे दुनिया बनाने वाले के सिर पर फूटता है। इस मामले में हम सब भा यवादी हो जाते हैं और सारा दोष अपना भाज्य गढऩे वाले ईश्वर पर मढक़र खुद की हिस्सेदारी हो गई मान लेते हैं। सच तो यह है कि खुशियां पाने और उसे गढऩे में सबसे बड़ी हिस्सेदारी हमारी ही है। हम खुद अपनी खुशियों के फ्रेम तय कर सकते हैं और उसमें खुद को फिट कर सकते हैं। पहल तो इस बात से ही हो जाती है कि हम तय करें कि हमें खुशी कब और कैसे मिलती है। हमारे आस-पास ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने खुद के खुश होने के बहाने और रास्ते खोज लिये हैं और उन्हीं में रम कर खुश हैं।
अब मुम्बई के पार्थो भौमिक को ही लीजिये, अपने बियाण्ड साइट फाउण्डेशन के माध्यम से वे आंखों की रोशनी से वंचित युवाओं को फोटोग्राफी का प्रशिक्षण देने का अभियान चलाये हुए हैं। ‘टच एण्ड हियर’ तकनीक का सहारा लेकर ब्लाइण्ड यूथ्स को कैमरा चलाना सिखाने वाले पार्थो ने साइट, परसेप्शन और विजन जैसे शब्दों को बेमानी कर रखा है। पार्थो अपनी इस ‘शूट विदाउट साइट’ मुहिम के साथ बहुत खुश हैं। पार्थो की मुहिम में हिस्सेदारी निभाने वाले अंधता का शिकार युवाओं की खुशी देखते ही बनती है। वे अपनी कृतियां देख तो नहीं पाते, लेकिन उन्हें अहसास रहता है कि उन्होंने अपने कैमरे की आंख में जिस दुनिया को कैद किया है, वह सुन्दर और बेहतर ही है। पिछले महीने पार्थो अपने स्टूडेन्ट के साथ इंटरनेशनल डिसेबिलिटी आर्ट्स फेस्टिवल में भाग लेने भी गये और अपने अभियान को लोहा मनवाकर लौटे।

खुशियां पाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे बांटना भी है। सच तो यह है कि जब हम खुशियां बांटने निकलते हैं तभी हमें खुद की खुशी से रू-ब-रू होने का मौका मिलता है। तभी हम अपनी सोसायटी में खुद के होने के मायने समझ पाते हैं। खुद से खुद का मिलना एक अलग ढंग का अहसास देता है। यही अहसास हमें सोसायटी के लिए कुछ बेहतर कर गुजरने की पे्ररणा देता है और हमें एक बार और खुश हो लेने का मौका मिल जाता है। सच कहूं तो मैंने अपने इसी फण्डे का इस्तेमाल करके खुद को कई दुविधाओं से उबारने का काम किया है। बात खत्म करने से पहले एक मुलाकात का जिक्र करना चाहूंगा। मुझे अपनी पिछली यात्रा में एक बुजुर्ग व्यक्ति मिले, जिनका पूरा परिवार एक एक्सीडेंट में मारा गया था। कुछ दिनों दुख और अवसाद में बिताने के बाद इन्होंने तय किया कि वे देश के हर छोटे-बड़े अनाथालय में जायेंगे और वहां रहने वाले बच्चों को कुछ न कुछ उपहार देंगे। अब वे खुश हैं और बड़ी ही शिद्दत के साथ अपनी इस मुहिम में जुटे हैं। सच.... हम सब को अपने खुश होने के बहाने और रास्ते खोज लेना चाहिये। 

सोमवार, नवंबर 28

‘मां देखो,ये बादल आए’ के बहाने बाल साहित्य पर बात




बाल दिवस यानी नवम्बर महीने की चौदह तरीख के ठीक एक दिन पहले मेरे हाथ बाल गीतों की पुस्तक ‘मां देखो, ये बादल आए’ लग गई। एक ही सर्रे में सारी कविताए पढ़ गया और सच कहूं तो हर कविता ने बचपन के किसी न किसी दृश्य को ताजा कर दिया। कुछ दृश्य तो ऐसे थे, जिनसे नई पीढ़ी अछूती सी है। वैज्ञानकि डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र द्वारा रचित इन कविताओं में नदी है तो बादल भी। हवा में तैरती पतंगें हैं तो धाराओं को काटकर रास्ता बानाती नाव भी है। चंदा मामा हैं तो घोसला बनाती चिडिय़ा, हाथी और नटखट बंदर भी। रेलगाड़ी है तो गुल्ली डंडा का खेल भी कविताओं में मिल जाता है। हर कविता में निहित गेयता का पुट उसे और भी सम्प्रेषणीय बना देता है। मुम्बई के परिदृश्य प्रकाशन से प्रकाशित इस कविता संग्रह में पैंतीस कविताएं हैं जो बच्चों को अपने समय, समाज और संस्कृति से जोडऩे का सार्थक प्रयास करती हुई मिलती हैं।
यह कविता संग्रह ऐसे समय आया है, जब प्रकाशकों ने अपने खाते से बच्चों की किताबों को लगभग खारिज सा कर दिया है। यह भी महत्वपूर्ण है कि बच्चों को किताबें पढऩे के लिए प्रेरित करने का बीड़ा उठाने को भी कोई तैयार नहीं है। बच्चों के साहित्य पर कोई गम्भीर विमर्श भी कहीं होता नजर नहीं आ रहा। हां, एक दो पत्रिकाओं ने अवश्य ही हर वर्ष बाल दिवस पर बाल साहित्य पर विशेषांक निकालने की परम्परा निभाने की परम्परा निभाना जारी रखा है, लेकिन वे भी केवल आलोचना और समीक्षाएं ही छाप रहे हैं, बाल साहित्य नहीं। गंभीरता से विचार किया जाए तो हमने अपने पीछे आ रही पीढिय़ों को बनाने और मांजने में शामिल होने वाले साहित्य से उन्हें दूर कर दिया है। मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं कि हम अपने समाज और संस्कृति के प्रति उतने वफादार नहीं निकले, जितने कि हमारे पुरखे थे। याद कीजिए उस दौर को जब बड़े से बड़ा रचनाकार बच्चों के लिए कुछ न कुछ जरूर लिखता था और प्रकाशक उसे बड़ी ही सहालयित के साथ छापा करते थे। समय बदला और उसके साथ हम भी बदलते चले गए। टेक्नोलाजी के बल पर इतराने वाली मीडिया की चकाचौंध में हम यह समझ ही नहीं सके कि हमारी संस्कृति और सामाजिकता को धता बताया जा रहा है। बंटाधार तो यह हुआ कि हमारा ध्यान समाज के उस तबके यानी उन बच्चों की ओर गया ही नहीं, जो इन परिवर्तनों को ही सच मान रहा था। यह इस लिए भी कि उसके सामने हमारे समाज और संस्कृति का सच था ही नहीं।
फिलहाल अपने समय की भयावह होती जा रही फैंटेसी में किसी अदृश्य दैत्य की उंगली पकडक़र आगे बढ़ते हमारे समय के बच्चे अब हमारे लिए ही चुनौती बनते जा रहे हैं। चुनौती भी ऐसी कि हम सामना करने से या तो कतराएं या फिर जूझते हुए हारने के लिए तैयार रहें, क्योंकि टेक्नोलॉजी ने हमें यानी हमारी और हमसे पहले की पीढिय़ों को आउटडेटेड घोषित कर दिया है। अगर जीतना है तो हमें भी इन पीढिय़ों के संग-संग कदमताल करके आगे बढऩा होगा और उन्हें उनका बचपन का हर लमहा शिद्दत से बिताना सिखाना होगा और इसमें हमारा कोई भरपूर साथ दे सकता है तो वह है हमारा साहित्य। एक बार फिर हमें बच्चों के साहित्य को समृद्ध करने की कवायद करनी होगी और साथ ही बच्चों को साहित्य से जोडऩे की मुहिम चलानी होगी। मैं आशान्वित हूं और इसका कारण है मेरे हाथ लगी पुस्तक ‘मां देखो, ये बादल आए’। मैं इस पुस्तक के रचनाकार और प्रकाशक दोनों को बधाई देता हूं कि उन्होंने इस गाढ़े समय में भी उम्मीद की किरण को जिंदा रखने में हिन्दी समाज की मदद की है। ढेर सारी शुभकामनाएं।


गुरुवार, जुलाई 28

यूं ही याद नहीं आ जाते हैं अपने प्रेमचन्द


भारतीय परम्परा में गांधी और प्रेमचन्द, दो ऐसी महान विभूतियां हैं, जिन्हें भुला पाना या इन्हें साथ लिए बिना आगे बढऩा किसी भी समय के किसी भी समाज के लिए संभव ही नहीं है। इस बात से कैसे कोई मुंह फेर सकता है कि प्रेमचन्द की प्रासंगिकता उनकी गहरी संवेदना से ही होकर हम तक पहुंचती है। प्रेमचन्द के समय या फिर उसके बाद के समय में भारतीय साहित्य परम्परा में कोई भी ऐसा लेखक नहीं हुआ जिसने एक साथ उन सभी सामाजिक संदर्भों पर अपनी कलम चलाई हो जिनका सीधा सम्बन्ध हर उस आदमी से था, रहता है और रहेगा जो अपने समय और समाज से जूझता हुआ मिलता है। बड़ी बात यह थी कि जब उन्हें महसूस होता था कि वे अपनों की बात साहित्य से पहुंचाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं तो वे पत्रकार के रूप में प्रकट हो जाते थे। उनके मर्यादा, जागरण और हंस में प्रकाशित लेख और टिप्पणियां इस बात की गवाही देती मिल जाती हैं।
प्रेमचन्द ने भीड़ में अपने को अलग करने के लिए जिन रास्तों को चुना था वह आसान नहीं था। वे अंतरराष्ट्रीयता, दलित चेतना, स्त्री स्वतंत्रता, किसान समस्या, शहरीकरण आदि प्रश्नों को उठाते हुए भी साम्राज्यवाद विरोध की अपनी सोच और समझ को किसी भी तरह से जाया होने नहीं देते थे। वे भोगे हुए सच को सामने रखते समय उम्मीद करते थे कि उन्हें पढऩे वाले को सही रास्ता मिल ही जाएगा और ऐसा होता था। यही उनकी जीत थी। बम्बई की फिल्मी दुनिया में हाथ अजमाने गए और जल्दी ही खिन्न और ऊब कर लौट आए और बड़े ही बेबाक ढंग से फिल्मी दुनिया की मीमांसा करके लोगों को आगाह किया कि किस तरह वहां भारतीय परम्पराओं और संस्कृति को हाशिए पर ढकेला जा रहा है। उन दिनों के लेखने में वे जिस बाजार के खतरे की बात कर रहे थे वे आज भी लगभग जस के तस हमारे सामने हैं।
यहीं रुककर फिराक साहब की इन पंक्तियों को दोहराना चाहूंगा-''प्रेमचन्द की रचनाओं के प्रत्येक पृष्ठ में सभ्यता के प्रवर्तकों के पहले कदमों की चाप सुनाई देती है। उनकी किताबों के द्वारा सामूहिक जीवन के सभी अमर, स्थायी और दृढ़ अंगों में फिर से नवीन जीवन का संचार हो गया था। भारतवर्ष की प्रचीन ऐतिहासिक सभ्यता, उसकी तूफान लाने वाली जाग्रति की पहली धीमी करवटें थीं जो उनकी कलम से कहानियों के रूप में प्रकट हुई थीं। इस तरह की कोई चीज बंकिमचन्द्र चटर्जी, रवीन्द्रनाथ टैगोर, शरतचन्द्र चट्टोपाध्याय और दूसरे बंगाली लेखकों ने भी दुनिया के सामने पेश नहीं की।ÓÓ न जाने क्यों इन पंक्तियों को पढ़ते हुए मैं उन दिनों को याद कर बैठा हूं जब कुछ सिरफिरे प्रेमचन्द की कृतियों को जलाकर अपनी कुंठाओं का प्रदर्शन कर रहे थे। उन दिनों हमारे साहित्य समाज के कई अलम्बरदार अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर मैदान से भाग गये थे या कहीं कोने-अतरे में दुबक गए थे।
अगर यह कहा जाए कि प्रेमचन्द नए लेखकों के लिए पाठशाला की तरह हमारे साथ हैं तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। फैज अहमद फैज ने एक जगह कहा भी है-''मौजूदा दिग्भ्रमित सामाजिक और साहित्यिक दुनिया में बहुत सी यूवा प्रतिभाएं अपनी पहचान के लिए भटक रही हैं। वे आत्मगत परपीड़ा सुख में लिप्त हैं और सभी तरह की सामाजिकता या आदर्शवादिता और उद्यमशीलता का सनकवादी परित्याग करते हुए अपने लोगों से कटे हुए हैं। वे कला की वास्तविक समस्याओं से जूझने की बजाय कलावादी उछलकूद में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में प्रेमचन्द का साहित्य संस्कृति, कला और यथार्थ का सच्चा परिप्रेक्ष्य निर्मित करने के लिए अब भी प्रासंगिक है। ÓÓ शायद यही वजह है कि प्रेमचन्द यूं ही याद नहीं आते। कई वजहें हैं उनके याद आते रहने की। यह बात और है कि हमारा साहित्य समाज उन्हें याद करने के लिए हर साल 31 जुलाई के दिन का इंतजार करता है। बहरहाल कोई याद तो करता है, यही क्या कम है।

रविवार, मई 22

बढ़ती जनसंख्या और पर्यावरण



निदेशक, समाज सेवा सदन, इलाहाबाद/hindi.indiawaterportal.org/node/53282

सोमवार, फ़रवरी 22

समानांतर आवाजें भी महत्वपूर्ण होती हैं

कुछ लोग नारे लगा रहे थे। उनके नारों के प्रत्यत्तर में कुछ दूसरे लोग नारे लगाने लगे। दोनों को एक-दूसरे के नारे पसंद नहीं आ रहे थे। एकाएक दोनों के नारे आपस में टकराने लगे। फिर लोग आपसे में टकराने लगे। फिर दोनों तरफ से पहले पत्थर, फिर गोली और फिर बम चलने लगे। अफरा-तफरी मच गयी। लोग भगा दिए गए। नारे, जो जरूरी थे, गायब हो गए। फिर खो से गए। भिंची हुई मुट्ठियां खुल गईं। और, सब कुछ बदल देने वाले नारे किताबों में भी नहीं मिलते अब। सच ही है कि समानांतर आवाजों का समय अपनी बनावट से पहले ही खत्म हो जाया करता है। काश हर समय और हर समाज में यह समझा जा सकता कि समानांतर आवाजें जरूरी होती हैं। और, वहां तो और भी जहां जनतंत्र सांस लेने में गर्व महसूस करता हो।
गुटों में बंटे हमने समानांतर आवाजों की जगह बनाने में हमेशा से कोताही की है। हमने हमेशा से उन्हीं आवाजों को सुनना चाहा है जो हमें बेहतर लगती हैं। समय कोई भी रहा हो, सत्ता कोई भी रही हो, साहित्य और संस्कृति के पैरोकार कोई भी रहे हों, समाज चलाने वाले लोगों की मंशा और मकसद कुछ भी रही हो, सबने अपने-अपने लिहाज से समानांतर आवाजों को दबाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। हमें जो अपने पक्ष में लगी, उसी आवाज को हमने जरूरी माना और बाकी सबको बेमानी कहकर खारिज करने में तनिक भी देर नहीं लगाई। नतीजा हमारे सामने है। हम ऐसे समय में आन खड़े हैं, जहां कोई किसी को शिद्दत के साथ सुनना ही नहीं चाहता।
वास्तव में हमारे समाज की बनावट में समानांतर आवाजों का बहुत बड़ा यागदान रहा है। समाज बना और लगातार संवरा तो इन्हीं समानांतर गूंजती आवाजों के भरोसे। हमने सांस्कृतिक विविधता का ताना-बाना भी इन्हीं समानांतर आवाजों को आधार बनाकर तैयार किया। हमारी एकेडेमिक सोच और समझ का दायरा इन्हीं समानांतर आवाजों ने तय किया। हम शिक्षा के आलयों में इन्हीं आवाजों के बलबूते बने रह पाए और आगे बढ़ते रहे। लेकिन जब से हमने इन आवाजों का साथ निभाना छोड़ा है, तमाम जरूरी चाजें हमारा साथ छोडऩे लगी हैं। हम भीड़ में भी अकेले रह से गए हैं। जाहिर है कि अकेले होते जाते इस समय में अब लोगों का एक-दूसरे का साथ निभाना मुश्किल होता जा रहा है और यही वजह है कि समाज में बिखराव सा दिखने लगा है।
हां, समानांतर आवाजों के मायने भी बदल चुके हैं। विरोध के लिए विरोध करना परम्परा और संस्कृति का रूप लेने लगा है। विरोध का तर्क से रिश्ता खत्म सा है। अब केवल सामने वाले को नीचा दिखाने या फिर उसे और उसकी सोच को खारिज करने के लिए आवाजें की जा रही है। यह जानते-बूझते हुए कि ऐसी आवाजें समानांतर आवाजों का श्रेणी में नहीं आती, उन्हें समानांतर कहकर बुलंद किया जा रहा है। और अगर ऐसी तमाम आवाजें अपने मायने खो दे रही हैं तो फिर उस पर बहस कैसी? जरूरत है कि समानांतर आवाजों के मायने और समाज में उनकी जरूरत को समझा जाये और अपने समय में मौजूद तमाम पीढिय़ों को समझाया भी जाये।

 

सोमवार, जनवरी 11

इलाहाबाद जिन्हें कभी भुला नहीं पाएगा


पंजाबियत उन पर फबती थी। मुम्बईया स्टाइल में वे कभी-कभी दिख जाया करते थे। दिल्ली उन्हें कामकाजी शहर लगता था। लेकिन, जिस शहर को वे अपनी रगों में महसूस किया करते थे, वह इलाहाबाद ही था। ठेठ इलाहाबादी। यानी पुराने शहर के रंग में रंगी-तपी तबीयत की शख्सियत। रानी मंडी में रहते हुए उन्होंने जो रिश्ते कमाए थे, उनकी दमक आज भी है। जिस गली में वे रहते थे और उनका प्रेस था, वहां उनके निधन की खबर पर उन्हें याद करते लोगों से मिल कर देखिए, पता लग जाएगा कि आखिर वे इलाहाबाद को अपने पसंदीदा शहरों में सबसे ऊपर क्यों रखा करते थे।
हालैण्ड हाल छात्रावास में उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों के पास इतना कुछ था कि यह तय करने में किसी को देर न लगे आखिर वह था इन्हीं में से कोई एक या फिर सब में वह। साठोत्तरी पीढ़ी के कहानीकारों में प्रसिद्ध चार यारों की चौकड़ी में से एक कथाकार दूधनाथ सिंह जब अपने दोस्त को याद करने खड़े हुए तो दोस्त की वे चुहलबाजियां याद आईं जो उसकी जिंदादिली का सुबूत थीं। वे याद करते गए और दोस्ती के कई दृश्य सबके सामने उभरते रहे। कई ने तो इस यादगार वक्तव्य को रिकार्ड किया तो कई इसे अपलक सुनते रहे। जो कोई भी उन पर बोलने खड़ा हुआ उसे उनके सानिध्य में बिताए आत्मीय क्षण ही याद आते रहे।
मुम्बई से फिल्म लेखक आनंद कक्कड़ कह रहे थे कि दिल्ली में रहते हुए भी वे इलाहाबाद को नहीं बिसराते थे। इलाहाबादी लेखकों, भले ही वह इलाहाबाद छोडक़र कहीं और रह रहे हों, की रचनाएं सामने आते ही नरम पड़ जाते थे और उसे एक सर्रे में पूरा पढ़ जाते थे। रचना अगर छापने के लिए भेजते तो उसे तत्काल फोन पर बात कर बता देते। पता चला कि वे जब गंगाराम हस्पताल में जीवन और मृत्य से संघर्ष कर रहे थे, तब उनके पीछ के पीढ़ी के तमाम रचनाकार वहां पहुंच गए थे। कोई रो रहा था तो कोई उनके स्वास्थ्य के संदर्भ में डाक्चरों से राय-मश्विरा कर रहा था। ये वही थे, जिन्हें उन्होंने न केवल बनाया, बल्कि लगातार मांजने और पहले से अधिक बेहत बनाने में लगे रहे।
फोन पर कवि यश मालवीय से बात हुई तो खूब रोए हम दोनों। कितनी बार हम निराश हुए, और हर बार किसी ने कंधे पर हाथ रखकर कहा- आगे बढ़ो। रुको मत। बस हम उठ खड़े होते रहे। उनकी यही आदत सबको उनसे जोड़ती रही। परेशानियों में भी हंसने का बहाना खोज लिया करते थे। बहुत देर तक गंभीर होकर वे बैठ ही नहीं सकते। उनके वक्तव्यों में जरूर ऐसा कुछ न कुछ हुआ करता था जो रोचक और रोमांच भर देने वाला होता था। बीमारी को सेलिब्रेट करने का फण्डा मैंने उन्हीं से सीखा। वे हर दर्द की ब्राण्डिंग कुछ इस तरह करते कि सामने वाले को अहसास हो जाता कि वे खुद को राहत देने की कोशिश कर रहे हैं।  लेकिन, थोड़ी ही देर में सामने वाला जीवन जीने की इस कला का कायल हो जाता और भूल जाता कि वह किसी बीमार का हाल-चाल लेने आया था।
ऐसे ही अनगिनत क्षण और बातें हैं, जो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि अभी-अभी जो हम सब के बीच से चला गया है, वह दरअसल अपने शब्दों और बीते पलों की स्मृतियों में हमेशा मौजूद रहेगा। . ..इलाहाबाद शायद ही कभी उन्हें भुला पाएगा। विनम्र श्रद्धांजलि...कथाकार, उपन्यासकार, सम्पादक, दोस्तों के दोस्त ौर इन सबसे बढक़र एक लाजवाब इंसान... रवीन्द्र कालिया।


तो क्या खंडहर ...
तो क्या इलाहाबाद का साहित्यिक ताना-बाना खंडहर में बदलता जा रहा है? उत्तर आपके पास कुछ भी हो, लेकिन कथाकार दूधनाथ सिंह अपने दोस्त कालिया को याद करते हुए इस बात को इशारों ही इशारों में कहकर चिंता तो जता ही गए। यह सही है कि इलाहाबाद उन बड़े रचनाकारों से खाली होता जा रहा है, जिन्होंने गंगा-जमुनी तहजीब और अपने से पीछे की पीढ़ी को तैयार करते रहने की रवायत को बखूबी निभाया। वैसे इसी तरह की बात उर्दू के आलोचक अली अहमद फातमी ने भी की। यह सही भी है और पीछे-पीछ चलकर आगे बढ़ रही पीढिय़ों के लिए चुनौती भी। हां, अच्छा लगा कि कवि संतोष चतुर्वेदी ने यह आश्वासन देने में देर नहीं की कि हम बुजुर्गों से मिली रवायत को निभाते रहेंगे।



और अब इस बार की कविता
इस बार प्रस्तुत है कवि अशोक बाजपेयी की ये पंक्तियां
हम चुप हैैं:
हमारे शब्दों का सम्बन्ध टूट गया है।
हम दूर जाते आदमी को
उसके थैले में ठुंसे दुख को,
उसके माथे की शिकनों को
महसूस नहीं कर पाते।
हम मुहल्ले में हो रहे शोर को,
मारो-काटो-पीटो की चीखों को,
औरतों-बच्चों के रोने को
ठीक से सुन नहीं पाते।
हम चुप हैं,
हमारे शब्दों ने हमें छोड़ दिया है।
सी. धनंजय